धनबाद के चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह सहित 18ठिकाने पर ईडी की छापेमारी,कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिलने की संभावना
रांची: ईडी ने बीसीसीएल के चर्चित ठेकेदार और बड़ा कोयला कारोबारी एलबी सिंह सहित अन्य के ठिकानों पर शुक्रवार सुबह करीब छह बजे छापेमारी शुरू कर दी है। बीसीसीएल द्वारा विभिन्न प्रकार के टेंडर में हुई गड़बड़ी और अनियमितता के मामले में जारी इस छापामारी के दौरान कुल 18 ठिकानों को शामिल किया गया है। इनमें धनबाद के दूसरे कोयला कारोबारी भी शामिल हैं। सभी ठिकानें धनबाद और आसपास के क्षेत्र में हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इसी मामले में ईडी की कोलकाता टीम भी पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर रही है। वहां कोयला कारोबार से जुड़े ठेकेदारों, ट्रांसपोर्टरों और इसीएल के अधिकारियों के परिसरों पर तलाशी चल रही है।
बता दें कि इससे पहले आयकर विभाग ने भी एलबी सिंह के ठिकानों पर कार्रवाई की थी। उस दौरान उनके खातों की जांच में करीब 100 करोड़ रुपये नकद जब्त किए गए थे। बीसीसीएल में टेंडर देने के दौरान हुई कथित गड़बड़ी पर सीबीआई द्वारा दर्ज ईसीआईआर के आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की है।
ईडी की कार्रवाई जारी है और देर शाम तक कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड मिलने की संभावना जताई जा रही है।



