डीएम ने ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का किया उद्घाटन
भागलपुर। जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से मतदाताओं में ईवीएम एवं वीवीपैट को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर (EDC) का उद्घाटन किया गया। इसका उद्घाटन जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने फीता काटकर किया।इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती श्वेता कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) विकास कुमार सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।डॉ. चौधरी ने बताया कि यह सेंटर चुनाव की घोषणा तक प्रतिदिन कार्यरत रहेगा, जहां आम नागरिकों को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल मतदाताओं को जागरूक करने के साथ-साथ चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को भी मजबूत करेगी।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। केंद्र की सुरक्षा के लिए तीन शिफ्टों में दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस केंद्र की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाए, ताकि हर नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सके।



