जिला प्रशासन द्वारा रन फॉर यूनिटी के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल को किया नमन
बोकारो – सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को बोकारो जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में रन फॉर यूनिटी का भव्य आयोजन किया गया। यह दौड़ गरगा पुल स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा स्थल से आरंभ होकर बोकारो परिसदन तक संपन्न हुई।
इस अवसर पर डीसी अजय नाथ झा, एसपी हरविंदर सिंह, विभिन्न वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, स्वयंसेवी संगठन और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत गरगा पुल चास, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थल के समीप तस्वीर पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर नमन से हुई। इसके बाद प्रतिभागियों ने एकता और अखंडता की शपथ ली। डीसी अजय नाथ झा ने उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए कहा कि हम भले ही अलग-अलग प्रांतों से आते हैं, हमारी भाषा अलग-अलग है और हम विचार अलग रखते हैं, लेकिन जब राष्ट्र की बात होती है, तो हम सब अखंड हैं एक हैं। सरदार वल्लभभाई पटेल ने जिस दूर दृष्टि से देश को एक सूत्र में पिरोया, वह हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत है। हमें उनके आदर्शों को अपनाना चाहिए और एकता व अखंडता को बनाए रखना चाहिए।मौके पर एसपी हरविंदर सिंह ने कहा कि, सरदार पटेल ने देश को एकजुट करने का जो कार्य किया, वह ऐतिहासिक है। उन्होंने हमें सिखाया कि एकता के माध्यम से ही प्रगति संभव है। इसी भावना को सशक्त करने के लिए रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया है, ताकि हम सभी एकजुट होकर देश की प्रगति में अपना-अपना योगदान दें। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं, नागरिकों और अधिकारियों ने जोश और उत्साह के साथ दौड़ लगाई। पूरे मार्ग पर एक भारत, श्रेष्ठ भारत और हम सब एक हैं जैसे नारों से माहौल देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।मौके पर डीपीएलआर मेनका, एसी मो. मुमताज अंसारी, चास एसडीओ प्रांजल ढ़ांडा,एनडीसी प्रभाष दत्ता, डीपीआरओ रवि कुमार, मुख्यालय डीएसपी अनिमेष गुप्ता,सिटी डीएसपी आलोक रंजन, जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बुन, पंकज दूबे समेत अन्य पदाधिकारी कर्मी उपस्थित थे।



