डिस्पैच सेंटर का उपायुक्त आर रॉनिटा ने किया निरीक्षण
खूंटी: नगरपालिका (आम) निर्वाचन अंतर्गत को खूँटी नगर पंचायत क्षेत्र में होने वाले मतदान को लेकर 22 फरवरी 2026 को मतदान कर्मियों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाना है। इस क्रम में बिरसा कॉलेज खूँटी परिसर में बनाए जा रहे डिस्पैच सेंटर का जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्रीमती आर० रॉनिटा ने देर शाम निरीक्षण कर संपूर्ण व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न स्टालों का अवलोकन करते हुए मतपेटिका वितरण, आईडी कार्ड वितरण, सामग्री वितरण, हेल्प डेस्क, नियुक्ति पत्र वितरण समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां समय पर पूर्ण कर ली जाएं, ताकि निर्धारित समयानुसार मतदान कर्मियों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री एवं सुरक्षा बलों के साथ उनके-उनके मतदान केंद्रों के लिए सुगमता से रवाना किया जा सके।
उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि डिस्पैच प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग के मार्गदशिका के अनुरूप सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं समयबद्ध होनी चाहिए, जिससे निर्वाचन कार्य शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराया जा सके। उन्होंने मौके पर सेक्टर दंडाधिकारी समेत पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त आलोक कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए, अपर समाहर्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, डीसीएलआर, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित आर०ओ० एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



