नगड़ी प्रखंड के उत्तरी टूंडल पंचायत में आयोजित शिविर में उपायुक्त हुए शामिल
रांची: झारखण्ड सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत बुधवार को रांची जिले के विभिन्न प्रखंडों की पंचायतों में व्यापक स्तर पर शिविरों का आयोजन किया गया। इस क्रम में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने नगड़ी प्रखंड के उत्तरी टूंडल पंचायत में आयोजित शिविर में शामिल हुए। तथा लाभुकों के बीच विभिन्न योजनाओं की परिसंपत्तियों का वितरण किया।
उपायुक्त ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम राज्य सरकार की एक सार्थक पहल है जिसके माध्यम से प्रशासनिक तंत्र स्वयं पंचायत स्तर पर जनता के द्वार पहुंच रहा है। उन्होंने कहा, “सरकार का तंत्र आपके द्वार तक आएगा, आपकी समस्याओं को सुनेगा और त्वरित निष्पादन का प्रयास करेगा। यह सभी की सहभागिता से ही संभव हो पाएगा।”
उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उनके कार्यों के निष्पादन के लिए सदैव तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से पहले से आवेदन कर चुके आवेदकों को जाति, आय, आवासीय प्रमाण-पत्र तथा अन्य जरूरी दस्तावेज मौके पर ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही विभिन्न योजनाओं के तहत परिसंपत्तियों का वितरण भी लगातार किया जा रहा है।
उपायुक्त ने शिविर में उपस्थित लोगों को गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, ग्राम गाड़ी योजना, मनरेगा, सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी तथा आवेदन एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया।



