जीएसटी रिफॉर्म को उप प्रमुख अरुण साबू ने बताया आम जनता के लिए दिवाली गिफ्ट

खूंटी : केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए जीएसटी रिफॉर्म को लेकर मुरहू प्रखंड के उप प्रमुख ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का यह अब तक का सबसे बेहतरीन फैसला है, जिससे आम लोगों, खासकर मध्यम वर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।

उप प्रमुख ने कहा कि सरकार ने पनीर, दूध, रोटी और परांठे को टैक्स फ्री कर दिया है। वहीं घी और सूखे मेवे जैसे काजू, पिस्ता, बादाम पर टैक्स कम किया गया है। इसके विपरीत कोल्ड ड्रिंक और फास्ट फूड पर टैक्स बढ़ा दिया गया है। उन्होंने इसे जनता को स्वास्थ्य के प्रति सजग करने वाला कदम बताया। इसी तरह सिगरेट, शराब और तंबाकू उत्पादों पर टैक्स बढ़ाकर नशे से दूरी का संदेश दिया गया है।

रोजमर्रा की जरूरतों जैसे साबुन, टूथपेस्ट, तेल, शैम्पू और शेविंग क्रीम पर टैक्स कम करने को उन्होंने घरेलू खर्च घटाने वाला कदम बताया। बच्चों की पढ़ाई-लिखाई से जुड़ी वस्तुएं जैसे रबर, पेंसिल, मैप्स, ग्लोब और कॉपी टैक्स फ्री कर दी गई हैं, ताकि शिक्षा सुलभ हो सके।

घर के सामान जैसे एसी, टीवी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन पर टैक्स में कमी और सीमेंट जैसी निर्माण सामग्रियों पर टैक्स घटाने को उन्होंने परिवारों के लिए राहतभरा कदम बताया। इसके साथ ही हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस को टैक्स फ्री करने तथा जीवन रक्षक दवाओं और मेडिकल उपकरणों पर न्यूनतम टैक्स लगाने को उन्होंने परिवार की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए अहम कदम कहा।

खेती-किसानी और आजीविका से जुड़े ट्रैक्टर, कटाई मशीन, टैक्सी और ऑटो-रिक्शा पर टैक्स कम करने को भी उन्होंने सराहनीय बताया। छोटी कारों और 350 सीसी से कम की बाइकों पर टैक्स घटाने और लक्जरी गाड़ियों पर टैक्स बढ़ाने को उप प्रमुख ने सामाजिक संतुलन बनाए रखने की नीति करार दिया।

उन्होंने कहा कि यह टैक्स स्लैब ऐसा है, जैसे किसी घर के बड़े-बुजुर्ग बैठकर पूरे परिवार की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाया हो। इसमें सेहत, शिक्षा, घर-गृहस्थी और आजीविका—सबका ख्याल रखा गया है। उप प्रमुख ने कहा कि यह कदम बजट से भी बड़ा सुधार है और इसे वह वर्षों से उठाई जा रही मांगों की पूर्ति मानते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *