कल्याण विभाग अंतर्गत मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना एवं प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति की अनुमोदन एवं अनुश्रवण समिति की डीसी ने की बैठक

गणादेश,खूंटी : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त आर रॉनिटा की अध्यक्षता में आज कल्याण विभाग अंतर्गत मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के योग्य लाभुकों के चयन हेतु चयन समिति की बैठक एवं प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति की अनुमोदन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सर्वप्रथम मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने विभिन्न प्रखंडों से आए आवेदनों का बारीकी से परीक्षण किया। समिति द्वारा कुल 95 लाभुकों का चयन किया गया जिन्हें गंभीर बीमारी समेत अन्य बीमारियों के इलाज हेतु चिकित्सा अनुदान की राशि प्रदान की जाएगी। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 330 लाभुकों को भी इस योजना का लाभ दिया जा चुका है।

इसके पश्चात आयोजित प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति की अनुमोदन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने से संबंधित प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई। जिला कल्याण पदाधिकारी श्री प्रमोद राम द्वारा समिति को अवगत कराया गया कि प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए कुल 14,517 नए आवेदन ई-कल्याण पोर्टल पर प्राप्त हुए हैं, जिन्हें संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों द्वारा भौतिक सत्यापन उपरांत अनुमोदित किया गया है। समिति द्वारा सभी आवेदनों को अनुमोदन प्रदान किया गया।

पूर्व में समिति द्वारा 25,397 विद्यार्थियों के आवेदनों को भी अनुमोदित किया जा चुका है। इस प्रकार अब तक कुल 39,914 विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लाभ के लिए अनुमोदित किए जा चुके हैं।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में छात्रवृत्ति की राशि शीघ्र स्थानांतरित की जाए तथा इस प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष अब तक कम आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिले के 21 विद्यालयों द्वारा अब तक आवेदन जेनरेट नहीं किए गए हैं। इस पर उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देशित किया कि ऐसे विद्यालयों को चिन्हित कर उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करें और अगले एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत आवेदन जेनरेट करना सुनिश्चित करें, ताकि जिले के सभी योग्य विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।

बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए श्री आलोक शिकारी कच्छप, जिला कल्याण पदाधिकारी श्री प्रमोद राम, सिविल सर्जन डॉ. नागेश्वर मांझी, जिला कोषागार पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *