अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को डीसी ने किया सम्मानित

खूंटी:अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला शनिवार को समाज कल्याण विभाग द्वारा समाहरणालय स्थित सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस-सह-“बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर उपायुक्त लोकेश मिश्रा द्वारा किया गया। उन्होंने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।
उपायुक्त ने संबोधित करते हुए कहा कि महिला हर क्षेत्र में अच्छा कार्य कर रही है, उनका हर क्षेत्र में अहम योगदान है। लोकसभा या विधानसभा चुनाव के दौरान भी महिला कर्मियों द्वारा काफी उत्कृष्ट कार्य किया गया है। आगे उन्होंने कहा कि खूँटी जिला की पहचान खेल से है, यहाँ की महिला खिलाड़ी देश विदेश में अपनी पहचान बना रही है। हमे साथ मिलकर महिलाओं को सहयोग करने की आवश्यकता है, उनपर काफी जिम्मेदारी रहती है, इसके बावजूद वह हर क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रही है। पुरुष वर्ग को हमेशा महिलाओं को सहयोग करना चाहिए, सामुहिक प्रयास से हीं हम एक अच्छे समाज का निर्माण कर पाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा महिलाओं के नाम शुभकामना संदेश भरा पत्र भी सेविका सहायिका समेत उपस्थित लोगों को सौंपा गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी महिलाओं को महिला सशक्तिकरण एवं समानता की शपथ उपायुक्त द्वारा दिलाई गई।
इसके अलावा, जिले में शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। 10वीं एवं 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने वाली छात्राओं, खेल जगत में विशेष उपलब्धि हासिल करने वाली महिला खिलाड़ियों, तथा जेईई मेन्स जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल महिला अभ्यर्थियों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया गया।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी द्वारा अंतराष्ट्रीय महिला दिवस क्यों मनाया जाता और इसकी शुरुआत कब और कहां से हुई इसकी विस्तार से जानकारी दी गई। वहीं उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी एवं परियोजना निदेशक आईटीडीए ने संबोधित करते हुए अंतराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दिया। उक्त पदाधिकारियों ने खूँटी जिला में शिक्षा, खेल समेत अन्य क्षेत्रों में महिलाओं द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की गई। साथ हीं कहा गया कि हम यह संकल्प ले कि महिलाओं को हम सशक्तिकरण की ओर ले जाने में हर संभव सहयोग करेंगे। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील किया कि वह अपनी बच्चियों को बिना किसी भेद भाव के अच्छी शिक्षा प्रदान करे, जिससे वह आगे बढ़ सके।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, परियोजना निदेशक आईटीडीए, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, एनडीसी समेत अन्य पदाधिकारी, सेविका, सहायिका, छात्रा, महिला खिलाड़ी समेत अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *