नीट अभ्यर्थियों को कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, निकाला कैंडल मार्च
गणादेश,रांची : नीट पेपर लीक मामले और अभ्यर्थियों की आत्महत्या के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार शाम मोरहाबादी मैदान से बापू वाटिका तक कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आत्महत्या करने वाले नीट अभ्यर्थियों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का आयोजन ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा के नेतृत्व में किया गया।
मोरहाबादी मैदान में एकत्रित होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में मोमबत्तियां लेकर कैंडल मार्च करते हुए बापू वाटिका पहुंचे। वहां महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत छात्रों की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मौके पर सोमनाथ मुंडा ने कहा कि नीट पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े विवाद के कारण कई छात्र-छात्राओं ने आत्महत्या की है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन के बावजूद उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने दावा किया कि आंदोलन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज भी किया गया।
मुंडा ने कहा कि कांग्रेस की प्रमुख मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा शामिल था। उन्होंने कहा कि इस्तीफे की मांग पूरी होने पर कांग्रेस इसे अपनी जीत मान रही है। इसी के तहत कैंडल मार्च के साथ विजय जुलूस भी निकाला गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगे भी छात्रों के मुद्दों को लेकर मजबूती से आवाज उठाती रहेगी।
कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि नीट मामले में जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि देने के लिए कैंडल मार्च आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई थी, जिसके पूरा होने पर कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकाला।
कार्यक्रम में प्रवक्ता तौसीफ आलम, किशोर नाथ शाहदेव, आलोक दुबे, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रामा खलखो समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


