कांग्रेस कार्यालय बना रणक्षेत्र, घेराव करने जा रही बीजेपी महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं पर हल्की पुलिस से झड़प,कांग्रेस और बीजेपी कार्यकताओं के बीच तीखी नारेबाजी

रांची : राजधानी रांची में सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर भारी राजनीतिक घमासान देखने को मिला। दरअसल, वोट अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी माता को लेकर दिए गए कथित अशोभनीय बयान के विरोध में बीजेपी महिला मोर्चा की कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने पहुंचीं। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने कांग्रेस भवन के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर रखी थी और दोनों ओर बैरिकेडिंग लगाई गई थी।सुबह से ही बीजेपी महिला कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कांग्रेस दफ्तर की ओर बढ़ीं। बैरिकेडिंग के एक तरफ बीजेपी की कार्यकर्ता थीं तो दूसरी ओर कांग्रेस महिला मोर्चा की कार्यकर्ता मौजूद थीं। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक तीखी नारेबाजी होती रही। बीजेपी की ओर से “वोट छोड़ो, गद्दी छोड़ो” जैसे नारे लगाए जा रहे थे, जबकि कांग्रेस महिला मोर्चा की कार्यकर्ता “राहुल गांधी चोर है” जैसे नारे लगाकर जवाब दे रही थीं।तनाव उस समय और बढ़ गया जब बीजेपी महिला कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो हल्की झड़प हो गई। हालांकि स्थिति बिगड़ने से पहले ही सुरक्षाकर्मियों ने कार्यकर्ताओं को नियंत्रित कर लिया। मौके पर अतिरिक्त बल बुलाकर सुरक्षा को और पुख्ता कर दिया गया।पूरे घटनाक्रम के दौरान माहौल पूरी तरह गरमा गया था। कार्यकर्ताओं के जोशीले नारे और पुलिस की सख्त चौकसी ने इलाके में तनाव का माहौल बना दिया। दोनों दलों के समर्थकों की आमने-सामने की नारेबाजी ने सड़क को राजनीतिक अखाड़े में बदल दिया। हालांकि पुलिस प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना को होने से पहले ही काबू पा लिया और स्थिति सामान्य बनाने में सफलता पाई।कुल मिलाकर, कांग्रेस कार्यालय के बाहर बीजेपी महिला मोर्चा और कांग्रेस महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के बीच हुई इस झड़प ने एक बार फिर राज्य की राजनीति को गर्मा दिया है।
इस घेराव कार्यक्रम में बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर,लवली गुप्ता, कुमुद झा,बीजेपी रांची महानगर के वरुण साहू,रमेश सिंह,संजय जायसवाल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *