रांची लौटे सीएम हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन,मीडिया से नहीं की बातचीत
गणादेश,रांची : छह दिनों के दिल्ली प्रवास के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन बुधवार को रांची लौट आए। उनकी वापसी ने झारखंड के सियासी गलियारों में पहले से चल रही अटकलों को और तेज कर दिया है। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री वीवीआईपी गेट से बाहर निकले, जिसका इस्तेमाल आम तौर पर प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति करते हैं। मीडिया से बचते हुए वे बिना किसी बातचीत के सीधे मुख्यमंत्री आवास के लिए रवाना हो गए।
दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री की बीजेपी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की चर्चा ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। नेतृत्व परिवर्तन और संभावित नए राजनीतिक समीकरण की सूचनाएं हवा में तैर रही हैं। हालांकि कांग्रेस के नेता और मंत्री इन दावों को फर्जी अफवाह बता रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री का लगातार छह दिनों तक दिल्ली में रहना और लौटकर भी चुप्पी साधे रखना कई सवाल खड़े कर रहा है।
बीजेपी और झामुमो—दोनों ही दलों के नेता इस मुद्दे पर फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहे हैं। इसी बीच 4 दिसंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में सत्तापक्ष के विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। अब सबकी नजर इसी बैठक पर टिकी है, जहां संभव है कि मुख्यमंत्री राजनीतिक स्थिति पर अपनी चुप्पी तोड़ें और मौजूदा हालात पर कुछ स्पष्ट बयान दें।



