सीएम हेमन्त सोरेन ने चौथी सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप–2025 का का किया शुभारंभ

गणादेश,रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शुक्रवार को बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम मोरहाबादी में आयोजित चौथी सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2025 का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लम्बे समय के बाद चतुर्थ सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2025 के आयोजन की मेजबानी का अवसर झारखंड प्रदेश को मिला है, यह हमारे राज्य के लिए गर्व और सम्मान की बात है। इस आयोजन में दक्षिण एशिया के विभिन्न देशों (भारत, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल एवं श्रीलंका) के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस चैंपियनशिप के सफल आयोजन से राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रतिष्ठित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि  खेल के प्रति झारखंड प्रदेश के नौजवानों  में उत्साह और समर्पण देखने को मिलता है। विभिन्न खेल जैसे क्रिकेट, हॉकी, तीरंदाजी सहित कई अन्य खेलों में यहां के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर दिखाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम सभी लोग यहां चतुर्थ सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में उपस्थित हुए हैं। झारखंड के नौजवान एथलेटिक्स के क्षेत्र में भी काफी रुचि रखते हैं। उन्होंने कहा कि इस चैंपियनशिप में देश के सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का बेहतर प्रदर्शन देखने को मिले इसके लिए हमें स्टेडियम में उपस्थित होकर उनका उत्साह बढ़ाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस चैंपियनशिप में भी हमारे खिलाड़ियों पर हमें पूरा विश्वास है कि वे अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से झारखंड और देश का गौरव बढ़ाएंगे।

इस अवसर पर खेल विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार, स्वास्थ्य विभाग के मंत्री इरफान अंसारी, कृषि विभाग की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, सांसद राज्यसभा श्रीमती महुआ माजी, विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, विधायक श्रीमती श्वेता सिंह, विधायक श्री सुरेश बैठा, प्रेसिडेंट सैफ डॉ० ललित भनोट, पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के अध्यक्ष बहादुर सिंह सागू, पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी श्रीमती कृष्णा पूनिया सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *