राज्य स्थापना दिवस पर चैंबर करेगा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की श्रृंखला, रजत जयंती वर्ष पर विशेष आयोजन

रांची :राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा समाज और जनकल्याण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण गतिविधियों की घोषणा की गई है। चैंबर भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया गया कि इन गतिविधियों में साइक्लोथॉन, ब्लड डोनेशन कैंप, हेल्थ चेकअप कैंप, वृक्षारोपण अभियान और शहर भर में होर्डिंग्स प्रदर्शन जैसी पहलें शामिल होंगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य झारखंड के विकास, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सकारात्मक संदेश देना है।

चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि 15 नवंबर को झारखंड अपनी रजत जयंती वर्षगांठ मना रहा है, जो हम सभी के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि आने वाले 25 वर्षों में झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए चैंबर सक्रिय योगदान देगा। महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि यह समारोह स्वास्थ्य, सेवा और जनकल्याण से जुड़ा रहेगा।

लाइफ सेवर्स संस्था के अतुल गेरा ने बताया कि 9 नवंबर को चैंबर भवन में रक्तदान शिविर आयोजित होगा, जिसमें सदर अस्पताल की टीम सहयोग करेगी। वहीं गौतम शाही ने जानकारी दी कि 16 नवंबर को फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए साइक्लोथॉन का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा स्वास्थ्य शिविर, पर्यटन कार्यक्रम और वृक्षारोपण अभियान भी आयोजित किए जाएंगे।

पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि राज्य के सभी छह प्रमंडलों में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रेस वार्ता के अंत में सह सचिव नवजोत अलंग ने शहरवासियों से अधिकाधिक सहभागिता की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *