पुलिस का लोगो लगी बोलोरो निकली अवैध शराब की चलती फिरती गोदाम, 279 लीटर विदेशी शराब बरामद
भागलपुर। शराब तस्करों की चालाकी इस बार उलटी पड़ गई। पुलिस का लोगो चस्पा कर जांच से बच निकलने की कोशिश में लगी बोलोरो गाड़ी सोमवार देर रात सनोखर थाना पुलिस की गश्ती टीम के हत्थे चढ़ गई। वाहन से 279 लीटर विदेशी शराब बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।एसडीपीओ कल्याण आनंद के अनुसार, रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच झारखंड के बलबड्डा की दिशा से तेज रफ्तार में आ रही सफेद बोलोरो तेलोंधा–भखरी मोड़ के पास पुलिस टीम की नजर में आई। गश्ती दल को देखते ही वाहन चालक और उसके साथ बैठे व्यक्ति ने बीच सड़क में ही गाड़ी छोड़कर भागने में ही अपनी भलाई समझी।जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, तो अंदर से विभिन्न ब्रांड की 552 बोतलें करीब 279 लीटर विदेशी शराब के कार्टन बरामद हुए। गश्ती दल में एसआई गीतेश प्रसाद, सैफ जवान कृष्ण चौधरी और महिला पुलिस रानी कुमारी शामिल थीं। वाहन का नंबर BR-1PA-0264 है और पुलिस अब उसके मालिक और फरार तस्करों की पहचान में जुट गई है।
एसडीपीओ कल्याण आनंद ने पुष्टि की कि बोलोरो पर लगाया गया पुलिस लोगो फर्जी था, जिसका इस्तेमाल तस्करी को सुरक्षित तरीके से अंजाम देने के लिए किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी गई है। पुलिस का लोगो लगी गाड़ी से शराब की इतनी बड़ी खेप मिलने ने तस्करों की नई चालों और साहस दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


