डिजिटलीकरण के माध्यम से पर्यावरण स्थिरता की ओर बोकारो स्टील प्लांट का एक और कदम
बोकारो – बोकारो स्टील प्लांट द्वारा पर्यावरण स्थिरता की पहल के अंतर्गत ऑनलाइन उत्सर्जन निगरानी प्रणाली पर एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम-सह-कार्यशाला का शुभारंभ पर्यावरण संरक्षण एवं स्थिरता विभाग के कॉन्फ़्रेंस हॉल में किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में संयंत्र के विभिन्न विभागों से 30 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।उल्लेखनीय है कि बीएसएल ने पर्यावरणीय मापदंडों की निगरानी हेतु तीन-स्तरीय रणनीति अपनाई है। बोकारो स्टील प्लांट के पर्यावरण संरक्षण एवं स्थिरता विभाग की पूर्ण-विकसित प्रयोगशाला द्वारा संयंत्र एवं टाउनशिप में हवा, पानी तथा स्टैक उत्सर्जन के विभिन्न मापदंडों के नमूने लेकर मानक प्रक्रियाओं के अनुसार उनका विश्लेषण किया जाता है। इसके अतिरिक्त, बीएसएल ने थर्ड पार्टी मॉनिटरिंग के लिए एनएबीएल मान्यता प्राप्त एवं एम ओई एफ सी सी से अनुमोदित प्रयोगशाला को भी संलग्न किया है।इन प्रयासों के अलावा, विभिन्न पर्यावरणीय मापदंडों की 24×7 वास्तविक समय निगरानी हेतु, बीएसएल ने 33 स्टैक उत्सर्जन निगरानी प्रणाली और तीन एफ़्लुएंट गुणवत्ता निगरानी प्रणाली स्थापित की हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन मेसर्स एनवीया इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के बाह्य संकाय के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य महाप्रबंधक (पर्यावरण) राजीव श्रीवास्तव द्वारा, महाप्रबंधक (ईसीएस) प्रीति झा और परियोजना निष्पादन क्षेत्र के प्रतिनिधि एम.के. सिंह की उपस्थिति में किया गया। कार्यशाला में उप महाप्रबंधक (पर्यावरण) नितेश रंजन ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला और उन्नत प्रणाली के माध्यम से विभिन्न पर्यावरणीय मापदंडों की वास्तविक समय निगरानी के महत्व को समझाया, ताकि समय पर सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। मेसर्स एनवीया इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के संकाय सदस्य राहुल मुरलीधर वेलहल ने अपनी टीम के साथ मिलकर, ऑनलाइन उत्सर्जन निगरानी प्रणाली के कार्यकारी सिद्धांतों तथा उचित परिचालन एवं रखरखाव के लिए आवश्यक कदमों पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया। इस प्रशिक्षण में प्रायोगिक प्रदर्शन और हैंड्स-ऑन अभ्यास भी शामिल हैं।यह प्रशिक्षण संयंत्र के सीओ एंड सीसी, एसपी, आरएमपी, बीएफ, एचएसएम, सीआरएम-1 एंड 2, और सीआरएम-3 जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में स्थापित 33 ऑनलाइन कंटीन्यूअस स्टैक उत्सर्जन निगरानी प्रणालियों के उचित ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस और ट्रबल-शूटिंग पर केंद्रित था। यह पहल एक स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त पर्यावरण के निर्माण की दिशा में बीएसएल की प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रतिबिंबित करती है।



