बीजेपी प्रवक्ता ने सीएम हेमंत सोरेन पर कसा तंज, कहा – केजरीवाल की राह पर चल रही है सरकार

रांची: झारखंड में मुख्यमंत्री आवास के निर्माण को लेकर सियासत तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो सरकार खुद को गरीब, आदिवासी और मूलवासी की सरकार बताती है, वही सरकार मुख्यमंत्री के लिए लगभग 100 करोड़ रुपये का “शीश महल” बनाने में जुटी हुई है।
प्रतुल शाहदेव ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अब अरविंद केजरीवाल की राह पर चल पड़े हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार दिल्ली में जनता के पैसे से कथित तौर पर आलीशान मुख्यमंत्री आवास का निर्माण कराया गया, उसी तर्ज पर झारखंड में भी मुख्यमंत्री के लिए भव्य आवास बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रस्तावित आवास में स्विमिंग पूल, जकूजी, आलीशान कमरे, लगभग दो करोड़ रुपये का फव्वारा और ढाई करोड़ रुपये का गार्डन जैसी सुविधाएं शामिल करने की योजना है।
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि जिस राज्य में आज भी बड़ी संख्या में आदिवासी और मूलवासी परिवार रोज़ी-रोटी, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं, उसी राज्य में मुख्यमंत्री के लिए करोड़ों रुपये का महल बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस परियोजना को हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में मंजूरी दे दी गई, लेकिन कैबिनेट ब्रीफिंग के दौरान इस जानकारी को सार्वजनिक नहीं किया गया।
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि आधिकारिक तौर पर मुख्य भवन के निर्माण पर लगभग 47 करोड़ रुपये खर्च का अनुमान बताया जा रहा है, लेकिन अन्य मदों को जोड़ने पर यह राशि करीब 70 करोड़ रुपये तक पहुंचती है। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण विभाग में आमतौर पर 25 से 30 प्रतिशत तक लागत बढ़ जाती है, ऐसे में यह परियोजना अंततः 100 करोड़ रुपये से भी अधिक की हो सकती है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार पहले ही स्मार्ट सिटी क्षेत्र में नया राजभवन और मुख्यमंत्री आवास बनाने की घोषणा कर चुकी है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब भविष्य में नया परिसर बनना ही है, तो अभी जनता के पैसे से इतनी बड़ी राशि खर्च करने की क्या जरूरत है।
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी और पूछेगी कि क्या झारखंड की गरीब जनता के टैक्स का पैसा मुख्यमंत्री के शाही ठाठ-बाट के लिए है या राज्य के विकास और गरीबों की भलाई के लिए। इस मौके पर प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *