भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह का हेमंत सोरेन सरकार पर हमला : “झारखंड में विकास ठप, भ्रष्टाचार और माफियागीरी चरम पर”

रांची : भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि राज्य में चारों तरफ लूट और भ्रष्टाचार का माहौल है। अवैध खनन खुलेआम हो रहा है, शराब घोटाला सामने आ चुका है, बिजली संकट गहरा गया है और सड़कें जर्जर हालत में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्य पूरी तरह रुक चुके हैं और जनता आज बेहाल है। वे गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकरवार्ता को संबोधित कर रहे थे।
अरुण सिंह ने कहा कि भाजपा शासनकाल में नक्सलवाद लगभग समाप्त हो गया था, लेकिन मौजूदा सरकार बनने के बाद यह समस्या फिर से बढ़ गई है। अपराधियों और माफियाओं का बोलबाला है और कानून-व्यवस्था चरमरा चुकी है। उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले नेता सूर्या हांसदा की हत्या को दुखद बताते हुए कहा कि इस मामले की जांच सीबीआई से करानी चाहिए।
भाजपा नेता ने खनन से जुड़ी अव्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि माइंस धसने से लोग अपनी जान गंवा रहे हैं, बालू की किल्लत है और अवैध खनन बेरोकटोक जारी है। उन्होंने शराब घोटाले को “राज्य का सबसे बड़ा घोटाला” करार दिया।
सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि यहां ट्रक भरकर फाइलें गायब हो जाती हैं, डाटा सेंटर में आग लग जाती है और योजनाओं की राशि में भारी गड़बड़ी होती है। जल जीवन मिशन भी पूरी तरह ठप पड़ा है।
रोजगार के वादों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव में पाँच लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन वादे पूरे नहीं हुए। ‘मईयां सम्मान योजना’ में भी आधी महिलाओं तक ही लाभ पहुँच पा रहा है।
भाजपा महामंत्री ने चेतावनी दी कि जनता सरकार को लूट और तुष्टिकरण की राजनीति करने का अधिकार नहीं देती। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कई वस्तुओं पर जीएसटी में छूट देकर राहत दी है, लेकिन राज्य सरकार जनता की समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *