हेमंत सरकार की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा बौखलाई हुई है: बिनोद पाण्डेय

रांची : झामुमो महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने भाजपा द्वारा मंईयां सम्मान योजना, प्रमोशन मामलों और सरकार आपके द्वार कार्यक्रम पर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद करार देते हुए कहा कि पारदर्शी, दूरदर्शी और संवेदनशील हेमंत सरकार की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा बौखलाई हुई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता को गुमराह करने के लिए झूठ और अधूरी जानकारी का सहारा ले रहा है।
पांडेय ने कहा कि भाजपा शासनकाल में वर्षों तक कैडर समीक्षा और कई महत्वपूर्ण फाइलें लंबित रहीं, जिसके कारण कर्मचारियों की प्रक्रियाएँ बाधित हुईं। हेमंत सरकार ने न केवल हजारों कर्मचारियों को लंबित प्रमोशन दिया, बल्कि पेंशन और सेवा लाभों के मामलों को भी तेजी से निपटाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कुछ अधिकारियों की आड़ में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।
सरकार आपके द्वार कार्यक्रम पर पांडेय ने कहा कि यह हेमंत सरकार की सबसे लोकप्रिय और सफल पहल है, जिसकी राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना हुई है। इसका पूरा डेटा पब्लिक डोमेन में उपलब्ध है और सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत पहली बार इतनी व्यापक पहल की गई है। भाजपा इस कार्यक्रम की सफलता से असहज है, क्योंकि सरकार सीधे गांव-गांव जाकर आदिवासी, मूलवासी, गरीब और अल्पसंख्यकों को उनका हक दे रही है तथा बिचौलियों की भूमिका समाप्त कर रही है।
मंईयां सम्मान योजना पर उन्होंने कहा कि यह महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का ऐतिहासिक कदम है, जिसके तहत 50 लाख से अधिक महिलाएँ लाभान्वित हो रही हैं। इसी सफलता से भाजपा चिंतित है, क्योंकि वह अपने शासनकाल में महिलाओं के लिए कोई स्वतंत्र आर्थिक सहायता योजना शुरू नहीं कर सकी। पांडेय ने भाजपा के आरोपों को “राजनीतिक हताशा की उपज” बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *