नागालैंड में जदयू को बड़ा झटका, घोषित उम्मीदवार ने पार्टी छोड़ी

दीमापुर/पटना : जदयू ने नागालैंड विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस बीच, चुनाव से ठीक पहले पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। जदयू के अब तक अकेले घोषित उम्मीदवार कितोहो एस रोतोखा ने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया और चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) में शामिल हो गए।
कितोहो एस रोतोखा को जदयू ने घासपानी-II निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया था। इसी बीच उन्होंने शुक्रवार सुबह पार्टी छोड़ दी और शाम को उन्होंने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सदस्यता ले ली। रोतोखा के साथ कई और पार्टी नेता भी चिराग पासवान की पार्टी में शामिल हुए। उनकी ओर से जारी बयान में कहा गया कि महासचिव इम्सुमोंगबा पोंगेन के नेतृत्व में नागालैंड जदयू के पदाधिकारियों ने गुरुवार को आपात बैठक की थी। इसी में सर्वसम्मति से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफे का फैसला लिया गया। उन्होंने नागालैंड जदयू अध्यक्ष लोथा पर सवाल खड़े किए। साथ ही कहा कि उनका जदयू प्रदेश अध्यक्ष पर से विश्वास उठ गया है।
इस पर जदयू के राष्ट्रीय महासचिव अफाक अहमद खान ने कहा कि राज्य कार्यकारी दल की बैठक आधिकारिक नहीं थी। क्योंकि ये महासचिव पोंगेन की अध्यक्षता में नहीं थी, वह नागालैंड में जदयू का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने बताया कि रोतोखा के अलावा प्रदेश के दूसरे तथाकथित कार्यकर्ताओं के पास जदयू के राष्ट्रीय कार्यालय की मंजूरी नहीं थी। ऐसे में उनकी नियुक्तियां अमान्य हैं और उन्हें फर्जी करार दिया जा सकता है।
अफाक अहमद खान ने आगे कहा कि पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते जदयू ने कितोहो एस रोतोखा को निष्कासित कर दिया है। उनके उठाए गए कदम की निंदा भी की गई है।
नागालैंड जदयू के महासचिव रहे रोतोखा ने शुक्रवार सुबह मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जदयू छोड़ने का उनका फैसला बेहद दुखद है। हालांकि प्रदेश जदयू में राजनीतिक परिस्थितियों और स्थिति ने उन्हें पार्टी छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने प्रदेश इकाई के अध्यक्ष लोथा पर सामूहिक निर्णय लिए बिना निरंकुश तरीके से काम करने का आरोप लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *