भागलपुर में शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: 846 लीटर विदेशी शराब के साथ एक गिरफ्तार
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। जिले में अवैध शराब कारोबार पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सनोखर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब, हथियार और मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए सघन गश्ती और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि झारखंड से भागलपुर होते हुए सहरसा की ओर एक पिकअप वाहन से शराब की खेप ले जाई जा रही है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, कहलगांव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने संभावित मार्गों पर सघन वाहन जांच शुरू की। जांच के दौरान सनोखर थाना पुलिस ने एकचारी-महगामा रोड पर जखबाबा स्थान के पास एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में छुपाकर रखी गई 846.720 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। मौके पर ही वाहन को जब्त करते हुए तस्करी में संलिप्त एक आरोपी संजीव कुमार (निवासी- रूपनपट्टी, थाना सकरा, जिला मुजफ्फरपुर) को गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामद सामान में शामिल हैं:
846.720 लीटर विदेशी शराब,एक मोबाइल फोन
एक पिकअप वाहन। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को लेकर पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर ऐसे धंधों को पनपने नहीं दिया जाएगा।



