रांची में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई, बाबा राइस मिल में छापेमारी, वित्तीय रिकॉर्ड की जांच जारी

राजधानी रांची में गुरुवार को आयकर विभाग की टीम ने रातू रोड स्थित बाबा राइस मिल में छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आयकर विभाग की टीम ने मिल परिसर के अलावा कांके रोड स्थित उससे जुड़े कई अन्य ठिकानों पर भी एक साथ दबिश दी है।
सूत्रों के अनुसार, बाबा राइस मिल में संभावित वित्तीय अनियमितताओं और टैक्स से जुड़ी गड़बड़ियों की शिकायत मिलने के बाद आयकर विभाग ने यह कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान विभाग की टीम ने मिल के संचालन से जुड़े दस्तावेजों को खंगालना शुरू कर दिया है। टीम कैश ट्रांजेक्शन, बिल, वाउचर, बैंक स्टेटमेंट और खरीद-बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है।
आयकर विभाग के अधिकारी चालू वित्तीय वर्ष के साथ-साथ पिछले वर्षों के लेन-देन का भी मिलान कर रहे हैं, ताकि आय और खर्च के बीच किसी भी प्रकार की विसंगति का पता लगाया जा सके। इसके अलावा, स्टॉक रजिस्टर, जीएसटी से जुड़े दस्तावेज और अन्य जरूरी कागजातों की भी पड़ताल की जा रही है।
बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जिनका विश्लेषण किया जा रहा है। हालांकि, आयकर विभाग की ओर से अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
फिलहाल छापेमारी की कार्रवाई जारी है और देर रात तक जांच चलने की संभावना है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बाबा राइस मिल में किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या टैक्स चोरी हुई है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *