बाबूलाल ने कहा-जब-जब हेमंत सोरेन सरकार जांच में घिरती है तब आदिवासी कार्ड खेलती है
रांची : प्रदेश के पूर्व सीएम सह भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार जब जब घिरती है तो आदिवासी कार्ड खेलती है। साथ ही भाजपा पर सामंतवाद को बढ़ावा देने की बात करती है। वे मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बीते पांच से छह सालों के अंदर हेमंत सोरेन और सोरेन परिवार ने अकूत संपत्ति अर्जित की है। करीब 108 बेनामी संपत्ति है जिसे चुनाव आयोग या इनकम टैक्स में शो ही नहीं किया गया है। जब विभाग शिकंजा कसता है तो हेमंत सोरेन और उनका पूरा कुनबा आदिवासी कार्ड खेलता है।साथ ही सामंतवाद की बात करता है। बाबूलाल ने कहा कि आदिवासी के नाम पर सबसे अधिक शोषण आदिवासियों का हेमंत सोरेन ने किया है। रांची से लेकर दुमका और दिल्ली से लेकर यूपी और कहां कहां बेनामी संपत्ति अर्जित कर रखा है।सोरेन परिवार ने 108 ऐसे संपत्तियों का साम्राज्य खड़ा किया है। मात्र 33 संपत्तियों का ही चुनाव आयोग या इनकम टैक्स विभाग में सार्वजनिक किया है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में अभी भी लाखों ऐसे गरीब आदिवासी परिवार हैं जिसके पास जमीन नहीं है। जमीन नहीं होने के कारण उन्हें प्रधानमंत्री आवास नहीं मिल पाता है। जिसके पास घर है उसे भी सरकार बुलडोजर से उजाड़ रही है। हेमंत सोरेन सरकार जनता को लूटने ही सत्ता में आई है। उन्हें बताना चाहिए कि इतने कम समय में इतनी संपत्ति कैसे अर्जित किया है। जब जांच की बात होती है तो डरते हैं और भाजपा को बदनाम करते हैं।
बाबूलाल ने कहा कि मैं पूरे दस्तावेजों के साथ जनता की अदालत में जाऊंगा। प्रेसवार्ता में प्रवक्ता प्रदीप सिंह और शिवपूजन पाठक मौजूद थे।



