बोकारो में 631 करोड़ का DMFT घोटाला, हेमंत सोरेन पर बाबूलाल मरांडी का गंभीर आरोप
रांची : झारखंड की राजनीति में बड़ा भूचाल तब आया जब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर सीधे तौर पर बोकारो जिले में डीएमएफटी फंड (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) से 631 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2024-25 और 2025-26 वित्तीय वर्ष में इस फंड से अवैध निकासी की गई और सत्ता के करीबी लोगों को टेंडर देकर करोड़ों की बंदरबांट की गई।
मरांडी ने बताया कि बोकारो जिले की 46 पंचायतों में जेनरेटर आपूर्ति में भारी धांधली हुई। बाजार में 5 से 6 लाख रुपये तक उपलब्ध जेनरेटर को 7.97 लाख रुपये की दर से खरीदा गया। सिर्फ इतना ही नहीं, बाद में 12 और जेनरेटर की खरीद की गई जिसमें भी गड़बड़ी सामने आई। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए डिजिटल मेट और बच्चों के लिए टैबलेट की खरीद में भी करोड़ों रुपये का हेरफेर किया गया।
बीजेपी अध्यक्ष ने विस्तृत आंकड़े पेश करते हुए कहा कि यह मामला केवल बोकारो जिले तक सीमित नहीं है। अन्य जिलों में भी डीएमएफटी फंड में इसी तरह के बड़े घोटालों की आशंका है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को इसका जवाब देना ही होगा।’’
मरांडी ने इस घोटाले की सीबीआई जांच की मांग की और चेतावनी दी कि भाजपा इस मुद्दे को लेकर सड़कों पर आंदोलन करेगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में योगेंद्र कुमार और अशोक बड़ाइक मौजूद थे।



