बिहार विधानसभा चुनाव में सुशासन और विकास की जीत: बाबूलाल मरांडी

रांची: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय सहित सभी जिलों और मंडलों में जोरदार उत्सव मनाया गया। पटाखे फोड़ने, लड्डू बांटने और नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष व सांसद आदित्य साहू, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे कार्यालय परिसर में “भारत माता की जय” के नारे गूंजते रहे।प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने मरांडी को लड्डू खिलाकर बधाई दी। इस अवसर पर बाबूलाल मरांडी ने बिहार व झारखंड के कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम और बिहार की जनता द्वारा एनडीए पर जताए गए भारी भरोसे के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य एनडीए नेताओं को भी बधाई दी।मरांडी ने कहा कि बिहार की जीत सुशासन, विकास और राष्ट्रवादी विचारों की जीत है। जनता ने एनडीए पर भरोसा कर लोकतंत्र को मजबूत किया है और उन ताकतों को जवाब दिया है जो हमेशा नकारात्मक राजनीति करती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परिणाम देश की राजनीति को नई दिशा देगा।घाटशिला उपचुनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए मरांडी ने कहा कि यह जीत सहानुभूति की जीत है, क्योंकि हेमंत सरकार की नाकामियों पर जनता की भावनाएं हावी रहीं।विभिन्न भाजपा नेताओं—आदित्य साहू, कर्मवीर सिंह, डॉ. प्रदीप वर्मा, मनोज सिंह, नवीन जायसवाल और अन्य—ने भी बिहार की जनता और एनडीए कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि यह जनादेश सुशासन और विकास की राजनीति की विजय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *