भागलपुर में भारतीय नृत्य कला मंदिर की तर्ज पर बनेगा ₹30 करोड़ का अटल कला भवन

प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। नगर आयुक्त शुभम कुमार की कार्यशैली भागलपुर को निरंतर कुछ नया देने की मंशा से प्रेरित है। इसी क्रम में अटल कला भवन के निर्माण की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। इसके लिए सबसे बड़ी बाधा भूमि की समस्या अब दूर कर ली गई है। लगभग ₹30 करोड़ की लागत से यह भवन भागलपुर में निर्मित होगा। इसे पटना स्थित भारतीय नृत्य कला मंदिर की तर्ज पर बनाया जाएगा। नगर आयुक्त शुभम कुमार ने बताया कि वन विभाग के सामने स्थित बिहार सरकार की जमीन के उपयोग का प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा गया है। यहां अटल कला भवन के निर्माण हेतु भूमि चिन्हित की जा चुकी है। अटल कला भवन में 620 लोगों की बैठने की क्षमता वाला एक प्रेक्षागृह-सह-कलादीर्घा होगा, जहां कला और संस्कृति से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया जा सकेगा। इसमें अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी और यह शहर की सांस्कृतिक व कलात्मक विरासत को समृद्ध करने में अहम भूमिका निभाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अटल कला भवन में पटना के भारतीय नृत्य कला मंदिर की तर्ज पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। भवन के निर्माण के लिए लगभग 300 x 200 वर्गफीट (चौहद्दी सहित) — यानी लगभग दो एकड़ भूमि उपलब्ध कराई गई है। भवन में प्रेक्षागृह, कला प्रदर्शनी स्थल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और महोत्सवों के आयोजन की व्यवस्था होगी।

यह जिला मुख्यालय के प्रमुख क्षेत्रों में विभागीय स्तर पर सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा। अटल कला भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा, और जिले को एक भव्य ऑडिटोरियम मिलने का सपना साकार होगा।

इस घोषणा के बाद अंग क्षेत्र के कलाकारों में उत्साह है। उनका कहना है कि कला प्रदर्शन के लिए मंच की आवश्यकता होती है। रंग हमारे पास हैं, पर मंच नहीं है। शहर में टाउन हॉल तो है, लेकिन वह काफी महंगा है। उम्मीद है कि अटल कला भवन के निर्माण के बाद यह कलाकारों और आयोजकों को किफायती दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। क्योंकि किसी भी शहर की पहचान उसकी संस्कृति से होती है और कलाकारों को बस एक मंच चाहिए।

वर्तमान में कलाकारों को खुले मैदानों में कुर्सियां और टेबल लगाकर कार्यक्रम करना पड़ता है, जिससे वे अपनी प्रतिभा का पूरा प्रदर्शन नहीं कर पाते। इस भवन के निर्माण को लेकर किए जा रहे प्रयासों से कला जगत से जुड़े लोग बेहद प्रसन्न हैं। अटल कला भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा और कला प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *