एएसजी आई हॉस्पिटल की दिवाली पहल : बच्चों की आंखों की सुरक्षा के लिए निःशुल्क परामर्श और सर्जरी
रांची: दिवाली के अवसर पर राजधानी रांची स्थित एएसजी आई हॉस्पिटल ने एक सराहनीय पहल की है। अस्पताल ने घोषणा की है कि 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में पटाखों से संबंधित आंख की चोटों के लिए निःशुल्क परामर्श और सर्जरी की जाएगी। यह सेवा 15 से 24 अक्टूबर तक देशभर के सभी एएसजी आई हॉस्पिटल केंद्रों पर उपलब्ध रहेगी।
अस्पताल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेत्र चिकित्सक डॉ. सौमर्ती ने बताया कि दिवाली के दौरान पटाखों से होने वाली दुर्घटनाएं गंभीर स्वास्थ्य चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य समय पर उपचार देकर बच्चों की दृष्टि को बचाना है। मरीजों को केवल फार्मेसी, एनेस्थीसिया और ऑप्टिकल सेवाओं की नाममात्र की लागत वहन करनी होगी।
2023 के राष्ट्रीय आंकड़ों के अनुसार, पटाखों से जुड़ी 2,000 से अधिक आंख की चोटें दर्ज की गईं, जिनमें करीब 60% पीड़ित बच्चे थे और 10% में स्थायी दृष्टि हानि हुई। अस्पताल ने जनता से अपील की है कि दिवाली के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और बच्चों को पटाखों से दूर रखें। किसी भी आपात स्थिति में अस्पताल की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800 पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है।



