जेजेएमपी का सब जोनल कमांडर व पांच लाख का इनामी लवलेश गंझू उर्फ लवकेश गंझू उर्फ लवकेश जी ने किया सरेंडर
लातेहार :प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी का सब जोनल कमांडर व पांच लाख का इनामी लवलेश गंझू उर्फ लवकेश गंझू उर्फ लवकेश जी ने मंगलवार को आत्मसमपर्ण कर दिया है. पुलिस मुख्यालय, लातेहार के सभागार में पलामू पुलिस महानिरीक्षक सुनील भास्कर, पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव और सीआरपीएफ के 11 वीं बटालियन के कमाडेंट यादराम बुनकर व एसएसबी-32 के कमाडेंट राजेश सिंह के समक्ष आत्मसमपर्ण किया. पुलिस अधिकारियों ने लवलेश गंझू को बुके और शॉल भेंट कर समाज के मुख्यधारा में जुड़ने की बधाई दी. अधिकारियो ने उसे पांच लाख रूपये का प्रतीकात्मक चेक भी सौंपा. लवलेश गंझू लातेहार जिला के बालुमाथ थाना क्षेत्र के कुरियाम गांव का रहने वाला है. उसके उपर सरकार ने पांच लाख रूपये का इनाम घोषित किया था. लवलेश गंझू पर लातेहार, हेरहंज, जोबांग, मनिका, बालुमाथ व चंदवा थाना क्षेत्र में 50 मामले दर्ज हैं.पुलिस महानिरीक्षक श्री भास्कर ने अन्य उग्रवादी व माओवादियों से आत्मसमपर्ण कर सरकार की पुर्नवास नीति का लाभ उठाने की अपील की. एसपी श्री गौरव ने बताया कि जेजेएमपी का सुप्रीमो पप्पू लोहरा के कहने पर वह साल 2017 संगठन में शामिल हुआ था.



