अखिलेश यादव 12 अगस्त को नेमरा आएंगे, देंगे शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि
रांची: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद अखिलेश यादव 12 अगस्त को झारखंड पहुंचेंगे। वे दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री एवं दिशुम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा जाएंगे।
स्थानीय सपा नेता रंजन यादव ने जानकारी दी कि अखिलेश यादव का प्राइवेट विमान 12 अगस्त को सुबह 11:30 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची पहुंचेगा। यहां से 11:45 बजे वे सड़क मार्ग से नेमरा के लिए रवाना होंगे, जहां शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर परिवार के सदस्यों से मुलाकात करेंगे और उन्हें सांत्वना देंगे।
शिबू सोरेन झारखंड आंदोलन के प्रखर नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री रहे। उन्हें आदिवासी समाज में ‘दिशुम गुरु’ के नाम से सम्मानित किया जाता था। उन्होंने राज्य के गठन और आदिवासी अधिकारों की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। हाल ही में उनके निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर फैल गई थी।
कार्यक्रम के उपरांत, अखिलेश यादव शाम 5 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।



