बलिदान दिवस की सफलता पर आजसू पार्टी ने जताया आभार
रांची: आजसू पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव राजेंद्र मेहता एवं युवा नेता संजय मेहता ने संयुक्त रूप से प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा और कहा कि निजी क्षेत्र में स्थानीय को 75 प्रतिशत आरक्षण दिलवाने के लिए पार्टी संघर्ष करेगी और आवश्यकता पड़ी तो न्यायालय में भी पहल करेगी। पार्टी 9 अगस्त से 14 अगस्त तक ’नौकरी दो हेमंत सरकार’ अभियान चलाएगी और इस संबंध में राज्य सरकार से हिसाब मांगेगी तथा निजी क्षेत्र के कार्यालयों में ज्ञापन देगी।
मुख्य प्रवक्ता डॉ भगत ने बलिदान दिवस समारोह के आयोजन की सफलता के लिए अपने सभी कार्यकर्ताओं, पंचायत कमिटी के सदस्यों, प्रखंड कमिटी के सदस्यों, सभी जिला अध्यक्षों, केंद्रीय कमिटी के सदस्यों, एक-एक कार्यकर्ताओं और मीडिया का आभार प्रकट किया।
डॉ भगत ने कहा कि पार्टी ने बलिदान दिवस के माध्यम से झारखंड के मसलों पर अपने विचारों को रखा है। झारखंड में स्थानीयता, नियोजन, पुनर्वास, नियुक्ति, परीक्षा, परिणाम, नियुक्ति कैलेंडर, ओबीसी आरक्षण, निजी क्षेत्र में आरक्षण, आउटसोर्सिंग में आरक्षण, आउटसोर्सिंग नियुक्ति से सरकारी नियुक्तियों का मारा जाना, पेसा क़ानून, सरना धर्म कोड, जमीन अधिग्रहण, मुआवजा, सीएनटी, एसपीटी, नौकर शाही का निचला स्तर, करप्शन, कंपनियों की मनमानी, झारखंड आंदोलनकारियों के बीच पहचान का संकट, क़ानून व्यवस्था की चिंताजनक स्थिति, मइयाँ सम्मान योजना को बिना स्पष्ट क़ानून और विधिक प्रक्रिया के लागू किए जाने के मसले को पार्टी ने प्रमुखता से उठाया है। इन सवालों पर पार्टी मुखरता से संघर्ष करेगी।



