कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की का ऐलान , राज्यस्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का होगा आयोजन

रांची : रांची के संत जोन्स हाई स्कूल मैदान में आयोजित स्वर्गीय कार्डिनल तेलेस्फोर पी टोप्पो स्मारक इंटर भिखारिएट फुटबॉल टूर्नामेंट में मांडर पल्ली की टीम विजेता रही . तीन दिवसीय टूर्नामेंट के फाइनल मैच में मांडर बनाम दिघिया टीम के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ . मैदान पर खिलाड़ियों के बेहतर खेल प्रदर्शन ने सभी दर्शकों को उत्साह से भर दिया . मांडर की टीम 1 – 0 से इस टूर्नामेंट की ट्रॉफी को अपने नाम करने में सफल रही . टूर्नामेंट में विजेता टीम को बतौर मुख्य अतिथि राज्य की कृषि , पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने ट्रॉफी प्रदान की .  इस मौके पर रांची आर्च बिशप विंसेंट आइंद की विशेष रूप से मौजूदगी रही . इस मौके पर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मांडर टीम को बधाई देते हुए कहा कि ट्रॉफी उनके क्षेत्र जा रही ये खुशी की बात है . उप विजेता टीम भी उनके क्षेत्र से ही है . इस लिए वो जीत की ट्रॉफी के लिए निश्चिंत थी . उन्होंने कहा कि जिनकी याद में इस टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है स्वर्गीय कार्डिनल तेलेस्फोर पी टोप्पो समाज के लिए मार्गदर्शक और मजबूत स्तंभ रहे है .  उनका सिद्धांत , लोगों के प्रति प्रेम , समाज के लिए त्याग को हम हमेशा याद रखेंगे . दूरदर्शी सोच वाले स्वर्गीय कार्डिनल तेलेस्फोर पी टोप्पो किसी विशेष धर्म के लिए नहीं थे ,  बल्कि उनका का रिश्ता हर एक व्यक्ति से मानवता का रहा . उन्होंने कहा कि आज जरूरत समाज को कमजोर करने वाली खतरनाक ताकतों के खिलाफ एकजुट हो कर लड़ने की है . आदिवासी – ईसाई समाज इसमें अगुवा की भूमिका में रहा है और आगे भी रहेगा . समाज में ऐसी ताकतों को पहचानना होगा . मंत्री ने इस मौके पर ऐलान किया कि भविष्य में इस तरह के टूर्नामेंट का राज्यस्तरीय आयोजन किया जाएगा . टूर्नामेंट में मैन ऑफ द सीरीज का खिताब अमित तिर्की , बेस्ट गोलकीपर के रूप में शशि मिंज सहित चौथा स्थान पाने वाले हुलहुंडू पल्ली , तीसरे स्थान पर रहने वाले डोरंडा पल्ली को पुरस्कार दे कर सम्मानित किया गया . इस मौके पर संगठन सचिव सुनील लकड़ा , उपाध्यक्ष अटल खेस , महिला संघ की नीलम तिग्गा , अगस्तुक तिर्की , एलेक्स तिर्की , सुनील फ्रांसिस सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे .

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *