44 दिन बाद डॉक्टरों ने हटाया सांसद अजय मंडल का ट्रैक्शन
भागलपुर। सांसद अजय कुमार मंडल के स्वास्थ्य में अब तेजी से सुधार हो रहा है। शनिवार शाम को घोघा गोलसड़क स्थित उनके आवास पर 44 दिनों बाद ट्रैक्शन हटाया गया। यह प्रक्रिया डॉक्टर कन्हैया लाल और डॉक्टर अंकित की देखरेख में पूरी की गई।
सांसद अजय मंडल ने बताया, अब पहले की अपेक्षा काफी बेहतर और संतुलित महसूस कर रहा हूं। ट्रैक्शन हटने के बाद धीरे-धीरे चलने का अभ्यास कर रहा हूं। कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों की दुआ काम आई।
उल्लेखनीय है कि 13 मई को एक आयोजन के दौरान कालीन (कार्पेट) पर फिसलकर गिरने से उन्हें चोट आई थी। प्राथमिक उपचार मायागंज अस्पताल में डॉक्टर कन्हैया लाल की निगरानी में हुआ। जांच में हेयरलाइन फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। इसके बाद सांसद को पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डेढ़ महीने तक वे ट्रैक्शन में बेड रेस्ट पर रहे।
इस दौरान जदयू के कई विधायक, दर्जनों नेता और कार्यकर्ता पटना और भागलपुर में उनसे मिलने पहुंचे और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। 40 दिनों बाद कराए गए सिटी स्कैन में सुधार दिखाई दिया। डॉक्टर कन्हैया लाल ने ट्रैक्शन हटाने की अनुमति दी, जिसे शनिवार को अमल में लाया गया।
ट्रैक्शन हटाए जाने के समय उनके परिजन भी मौजूद थे। इस अवसर पर सांसद के चेहरे पर संतोष और मुस्कान साफ नजर आई।



