RTE Act के तहत गैर सरकारी निजी विद्यालयों को मान्यता देने हेतु उपायुक्त आर रॉनिटा की अध्यक्षता में हुई बैठक
खूंटी: गैर सरकारी निजी विद्यालयों को RTE Act के तहत मान्यता प्रदान करने को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त आर० रॉनिटा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर समाहर्ता परमेश्वर मुण्डा, माननीय सांसद एवं विधायक के प्रतिनिधिगण, जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा जिला शिक्षा अधीक्षक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा जानकारी दी गई कि जिले से कुल 6 गैर सरकारी निजी विद्यालयों द्वारा मान्यता प्राप्त करने हेतु आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें पटेल पब्लिक स्कूल, आइडियल नेशनल अकादमी, बिरसा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर सहित अन्य विद्यालय शामिल हैं।
उपायुक्त एवं समिति के सदस्यों द्वारा एक-एक कर सभी विद्यालयों के आवेदनों एवं दस्तावेजों की गहन समीक्षा की गई। इस क्रम में निर्धारित मानकों के अनुरूप विद्यालयों के लिए आवश्यक भूमि, आधारभूत संरचना (इंफ्रास्ट्रक्चर), फायर सेफ्टी, शिक्षकों की योग्यता सहित अन्य जरूरी मापदंडों का बारीकी से परीक्षण किया गया। बैठक में सभी पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श करते हुए आवश्यक निर्णय लिए गए।



