दिल्ली में लाल किले के पास कार में जोरदार धमाका, इलाके में मची अफरातफरी

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में शनिवार शाम लाल किले के पास स्थित मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास एक कार में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज सुनते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि इस घटना में दो से तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

धमाके के बाद कार में भीषण आग लग गई, जिसकी लपटें इतनी तेज थीं कि पास खड़ी तीन अन्य गाड़ियां भी उसकी चपेट में आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाके की आवाज कई मीटर दूर तक सुनाई दी और लोगों में दहशत फैल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और आग पर काबू पाने में जुट गया। फिलहाल धमाके के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई है।

दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट नहीं है कि धमाका गैस सिलिंडर फटने से हुआ या किसी अन्य कारण से। फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटना स्थल के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और यातायात को कुछ समय के लिए रोक दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *