उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने मत्स्य, पशुपालन एवं गव्य विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

खूंटी : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने मत्स्य, पशुपालन एवं गव्य विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ किसानों की आमदनी बढ़ाने को जिला प्रशासन की प्राथमिकता बताते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मत्स्य विभाग की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने मत्स्य उत्पादन, तालाब बंदोबस्ती, राजस्व संग्रहण, प्रशिक्षण, लाभुकों के चयन की प्रक्रिया, स्पॉन एवं किट वितरण, बीमा तथा गोष्ठियों के आयोजन की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान लेयर फार्मिंग, भेड़ पालन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने जिला पशुपालन पदाधिकारी को किसानों की आय में वृद्धि की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए नई एवं बेहतर योजनाओं/प्रस्तावों का तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि पशुपालन के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को अतिरिक्त आय का स्रोत उपलब्ध कराया जा सके।
गव्य विकास विभाग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने बीएमसी (बल्क मिल्क कूलर) की स्थिति एवं दुग्ध उत्पादक पशुपालकों की संख्या की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि पशुपालकों को संगठित कर दुग्ध उत्पादन एवं विपणन को बढ़ावा देने की दिशा में नए प्रस्ताव तैयार करें।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य किसानों की आमदनी में वृद्धि करना है। इसके लिए कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं का बेहतर उपयोग करते हुए ऐसी योजनाओं को बढ़ावा दिया जाए, जिनसे किसानों एवं पशुपालकों को स्थायी एवं अतिरिक्त आय प्राप्त हो सके।
बैठक में जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी एवं जिला गव्य विकास पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *