ब्लिंकिट के डिलीवरी कर्मचारी के साथ हुई मारपीट
रांची : अरगोड़ा के दीपाटोली में बीती रात करीब 2 बजे ब्लिंकिट के डिलीवरी कर्मचारी शंकर के साथ हुई मारपीट को लेकर आजसू छात्र संघ ने नाराजगी जताई है. संगठन ने कंपनी प्रबंधन से मामले की निष्पक्ष जांच करने और कर्मचारी का पक्ष सुनने की मांग की है.
मिली जानकारी के अनुसार, शंकर को ब्लिंकिट के माध्यम से एक ऑर्डर मिला था. वह सामान पहुंचाने ग्राहक के घर जा रहे थे. इसी दौरान ग्राहक ने ऑर्डर रद्द कर दिया. बताया जा रहा है कि इसी बीच शंकर का मोबाइल फोन बंद हो गया. इस कारण उन्हें समय पर ऑर्डर रद्द होने की जानकारी नहीं मिल सकी और वह सामान लेकर ग्राहक के घर पहुंच गए.
आरोप है कि वहां उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें धमकी भी दी गई. शंकर ने अपनी ओर से पैसे खर्च कर सामान की भरपाई की और उसे कंपनी को वापस कर दिया. इसके बावजूद कंपनी ने उनकी आईडी ब्लॉक कर दी. मामले में शंकर के खिलाफ केस दर्ज होने की भी जानकारी सामने आई है.


