लोक आस्था का महापर्व छठ की तैयारी तेज,नगर निगम ने सफाई अभियान किया शुरू

रांची ::छठ महापर्व को लेकर झारखंड की राजधानी राँची में तैयारियों का सिलसिला तेज हो गया है। व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों पर किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए रांची नगर निगम ने सफाई, सुरक्षा और रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी शुरू कर दी है।
शहर के तालाबों और छठ घाटों की सफाई कराई जाएगी। वहीं, जिन स्थानों पर पानी अधिक गहरा है, वहां लाल फीता लगाकर खतरे के निशान बनाए जाएंगे। श्रद्धालुओं को सावधान करने के लिए संबंधित स्थानों पर चेतावनी संकेतक भी लगाए जाएंगे।

छठ पूजा के दौरान घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में साफ-सफाई के साथ जलाशयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना नगर निगम के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसी को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि छठ महापर्व की व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी होना भी जरूरी है। सुबह अर्घ्य के लिए श्रद्धालु अंधेरे में ही घरों से निकलते हैं। वहीं, शाम के अर्घ्य के बाद भी लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने की तैयारी की जा रही है, ताकि रास्तों पर रोशनी की व्यवस्था बेहतर हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *