21 अगस्त से होल्डिंग टैक्स और ट्रेड लाइसेंस से जुड़ी कई अहम सेवाएं ठप
रांची : रांची नगर निगम में 21 अगस्त से होल्डिंग टैक्स और ट्रेड लाइसेंस से जुड़ी कई अहम सेवाएं ठप हैं. करीब 55 दिनों से इन सेवाओं को बहाल करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से निगम का टैक्स कलेक्शन प्रभावित हो रहा है. स्थिति को देखते हुए मेयर रोशनी खलखो ने नगर आयुक्त सुशांत गौरव को पत्र लिखकर निजी एजेंसी के चयन की मांग की है.
मेयर रोशनी खलखो ने नगर आयुक्त को लिखे पत्र में कहा है कि वर्तमान में नगर निगम अपने स्तर से टैक्स कलेक्शन कर रहा है, लेकिन इसकी राशि काफी कम है. अगर वसूली में बढ़ोतरी नहीं हुई, तो आने वाले समय में निगम को वित्तीय परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. उन्होंने निगम के स्तर पर निजी एजेंसी का चयन कर उसे टैक्स वसूली की जिम्मेदारी देने का सुझाव दिया है, ताकि राजस्व बढ़ाने के साथ शहर के विकास कार्यों में भी निगम की भागीदारी बनी रहे.


