मोराबादी मैदान में एक अक्टूबर से शुरू होगा एक्सपो उत्सव, 400 स्टॉल लगेंगे

रांची : युवा सामाजिक एवं व्यापारिक संगठन जेसीआई रांची का बहुप्रतीक्षित ‘एक्सपो उत्सव 2026’ बुधवार, 1 अक्टूबर से मोराबादी मैदान में शुरू होगा। सात दिवसीय यह आयोजन 7 अक्टूबर तक चलेगा। इस वर्ष एक्सपो अपने आयोजन के 29वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। देश के विभिन्न शहरों से आए कारोबारियों और ब्रांड्स के करीब 400 स्टॉल मेले में लगाए जाएंगे।
30 सितंबर को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एक्सपो के चीफ कोऑर्डिनेटर जेसी एचजीएफ सीए प्रशांत पाटोदिया ने बताया कि एक्सपो में बड़े ब्रांड्स, स्टार्टअप, ऑटोमोबाइल, ड्राई फ्रूट्स सहित विभिन्न उत्पादों के स्टॉल होंगे। महिला उद्यमियों के लिए विशेष रूप से ‘पिंक हैंगर’ तैयार किया गया है, जहां केवल महिला उद्यमियों को स्टॉल उपलब्ध कराए गए हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए एम्यूजमेंट पार्क में विभिन्न प्रकार के झूले भी लगाए गए हैं।
एक्सपो परिसर में हर दिन अलग-अलग प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन होगा। 1 अक्टूबर को बच्चों के लिए जूनियर मास्टरशेफ प्रतियोगिता होगी। 2 अक्टूबर को चित्रकला प्रतियोगिता, ट्रेजर हंट और तंबोला, 3 अक्टूबर को डॉग शो एवं ‘वॉयस ऑफ एक्सपो’, 4 अक्टूबर को एक्सपो टैंक और डांस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। अंतिम दिन 7 अक्टूबर को योग प्रतियोगिता और बुटिक्स एक्सपो फैशन शो होगा। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। क्यूआर कोड के माध्यम से कार्यक्रमों के लिए रजिस्ट्रेशन और एंट्री टिकट की बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
इस बार 3 अक्टूबर को नाइट मार्केट भी आयोजित होगा। रात 9 बजे से 12 बजे तक एक्सपो के स्टॉल खुले रहेंगे और लाइव बैंड की प्रस्तुति होगी। वहीं, 6 अक्टूबर को भजन जैमिंग का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बाहर से आए कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे।
एक्सपो उत्सव 2026 के प्रिंसिपल स्पॉन्सर पंचरत्न स्काईलाइन हैं। टैंगो, अल्पाइन और गृहस्थी पावर्ड बाय पार्टनर हैं। इसके अलावा होटल चाणक्य, मोशन, बुद्धा टोयोटा, श्री अलंकार, श्नाइडर इलेक्ट्रिक, प्रभुजी, वॉव डिटेलिंग, बागला, बलीफिया, एनटीपीसी, आराध्या, अपना मार्ट, मी एंड मॉम्स, एटीसी, कैफीनेटर्स और रेडियो धूम सहित कई संस्थाएं विभिन्न श्रेणियों में सहयोगी पार्टनर के रूप में जुड़ी हैं।
प्रेस कांफ्रेंस में एक्सपो संयोजक जेसी सिद्धार्थ चौधरी, मीडिया प्रभारी जेसी रवि सामोता, अध्यक्ष सीए अभिषेक जैन, सचिव जेसी साकेत अग्रवाल सहित जेसी सौरभ जालान, जेसी राहुल टिबरेवाल, जेसी सौरव नारेड़ी, जेसी सीए दीपक पटेल, जेसी ऋषभ जालान और जेसी अनिमेश निखिल मौजूद रहे। यह जानकारी एक्सपो के मीडिया प्रभारी जेसी वरुण जालान ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *