गलत पार्किग पर पुलिस का शिकंजा, 30 दोपहिया वाहनों का चालान

रांची (गणादेश): पिठोरिया थाना क्षेत्र में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए पुलिस ने गलत पार्किग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पिठोरिया चौक और चंदवे चौक में चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान सड़क किनारे बेतरतीब खड़े करीब 30 दोपहिया वाहनों का चालान किया गया। कार्रवाई ट्रैफिक एएसआई जमशेद आलम और पिठोरिया पुलिस की टीम ने की। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़ा नहीं करने की हिदायत दी। पुलिस के अनुसार, सड़क पर बेतरतीब पार्किग के कारण यातायात प्रभावित होता है और आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। चौक-चौराहों पर जाम की स्थिति से बचने के लिए अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है। इधर, अभियान के बीच पिठोरिया थाना के एक एएसआई और रांची से आए एक पत्रकार के बीच हाल में हुई कहासुनी को लेकर भी स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज है। कुछ लोगों ने इस घटनाक्रम के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए हैं। हालांकि, इस संबंध में पुलिस अथवा संबंधित पत्रकार की ओर से खबर लिखें जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *