अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम का विरोध, एचईसी बाईपास रोड पर सड़क जाम

रांची : राजधानी रांची के एचईसी बाईपास रोड पर मंगलवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। प्रशासनिक अमला बुलडोजर के साथ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने पहुंचा था। कार्रवाई शुरू होते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और इसका विरोध करने लगे। विरोध के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन बाधित हो गया और जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से उक्त स्थान पर झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं। उनका आरोप है कि बिना पर्याप्त समय दिए अचानक जिला प्रशासन की टीम बुलडोजर लेकर पहुंच गई और उनकी झोपड़ियों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। लोगों ने प्रशासन से पहले पुनर्वास की व्यवस्था करने और इसके बाद ही अतिक्रमण हटाने की मांग की।
विरोध कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि उनके पास रहने के लिए दूसरा कोई स्थान नहीं है। ऐसे में झोपड़ियां उजाड़े जाने के बाद उनके सामने परिवार के साथ रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाएगी। लोगों ने प्रशासन से मानवीय आधार पर कार्रवाई करने और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की।
इधर, विरोध और सड़क जाम की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे रहे। प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय लोगों के बीच बातचीत के बाद स्थिति सामान्य करने की कोशिश की गई। सड़क पर जाम लगने के कारण कुछ समय तक वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति पर नजर रखी जा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *