खूंटी में 1.39 करोड़ में बना इंडोर स्टेडियम ,विधायक राम सूर्या मुंडा सहित अन्य ने उद्घाटन किया
खूंटी: जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 1.39 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इंडोर स्टेडियम को आज स्थापना दिवस के अवसर पर खिलाड़ियों एवं आम जनता को सौंपा गया। विधायक राम सूर्या मुंडा,जिप अध्यक्ष मसीह गुड़िया नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी,कला संस्कृति पर्यटन पदाधिकारी राजेश कुमार चौधरी ने विधिवत उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि विधायक राम सूर्या मुंडा ने कहा कि इंडोर स्टेडियम खिलाड़ियों के लिए बहुउपयोगी होगा। मील का पत्थर साबित होगा। बैडमिंटन स्टेडियम के अलावे आगे फूटबॉल, तीरंदाजी और क्रिकेट के लिए भी स्टेडियम निर्माण की योजना है।विश्व भारती कलाकार परिषद के अध्यक्ष डॉ दीपक कुमार घोष ने कहा कि 12सितंबर 2007को खूंटी जिला की स्थापना हुई । स्टेडियम की मांग बहुत पहले से की जा रही थी।स्टेडियम के शुरू होने से जिले के युवा खिलाड़ियों को अभ्यास और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी। अखिल भारतीय सांस्कृतिक विकास महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष तपन घोष ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए खेल को युवाओं के व्यक्तित्व विकास और स्वस्थ समाज की नींव बताया। उन्होंने कहा कि खूंटी में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। बेहतर खेल इंफ्रास्ट्रक्चर मिलने से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और जिला, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। मुरहू के खेलप्रेमी समाजसेवी डॉ धर्मेंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि 1.39 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह इंडोर स्टेडियम जिले के खेल विकास में एक महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना के रूप में देखा जा रहा है। खूंटी जिप उपाध्यक्ष मंजु देवी और युवा ध्रुवेन्द्र भास्कर ने खुशी जताते हुए स्टेडियम के निर्माण को खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों सहित खूंटी के युवाओं के लिए उपयोगी सौगात बताया।


