चैंबर चुनाव प्रचार थमा, टीम तुलसी और टीम मुकेश ने किया परिचय सम्मेलन

रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफजेसीसीआई) चुनाव को लेकर चल रहा प्रचार अभियान शुक्रवार को समाप्त हो गया। प्रचार के अंतिम दिन दोनों प्रमुख टीमों ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए परिचय सम्मेलन आयोजित किया। टीम तुलसी पटेल की ओर से स्वर्णभूमि बैंक्वेट हॉल में सम्मेलन का आयोजन किया गया, जबकि टीम मुकेश अग्रवाल ने रांची क्लब में अपने प्रत्याशियों का परिचय कराया। चुनाव में मुख्य मुकाबला इन दोनों टीमों के बीच माना जा रहा है। दोनों टीमों ने पिछले कई दिनों से लगातार जनसंपर्क अभियान चलाकर व्यापारियों को अपने पक्ष में करने का प्रयास किया और अपनी-अपनी जीत का दावा किया।
स्वर्णभूमि बैंक्वेट हॉल में आयोजित टीम तुलसी के परिचय सम्मेलन में बड़ी संख्या में व्यापार जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे। इस दौरान टीम के प्रत्याशियों का परिचय कराया गया। टीम में तुलसी पटेल के साथ आदित्य शाह, अमित शर्मा, अनिल अग्रवाल, अरुण भारतीय, ज्योति कुमारी, कमलेश संचेती, कुलवंत सिंह, मनीष कुमार सर्राफ, मनीषा गोइंका, नवजोत अलंग, पूजा डागा, राहुल साबू, राम बंगार, रोहित अग्रवाल, रोहित पोद्दार, शैलेश अग्रवाल, साहित्य पावन, विकास जाजोरिया, विकास विजयवर्गीय और विनीता सिंघानिया समेत अन्य प्रत्याशी शामिल हैं।
कार्यक्रम में नवीन अग्रवाल ने कहा कि टीम तुलसी में पुराने और अनुभवी प्रत्याशियों का मजबूत संयोजन है। अनुभवी उम्मीदवारों के साथ नई ऊर्जा का समावेश टीम को मजबूती देता है। उन्होंने दावा किया कि टीम की जीत सुनिश्चित है।
इधर, रांची क्लब में टीम मुकेश अग्रवाल ने भी अपने प्रत्याशियों के साथ परिचय सम्मेलन किया। टीम के सदस्यों ने व्यापारियों से समर्थन की अपील करते हुए चुनाव में जीत का दावा किया। टीम में पौरुष जैन, निधि झुनझुनवाला, अमित किशोर अग्रवाल, सुनील गुप्ता, अमित अग्रवाल, प्रवीण लोहिया, आस्था किरण, अमित मिश्रा, अशोक प्रधान, सीए राजकुमार, डॉ. अभिषेक रामाधीन और माला कुजूर समेत अन्य प्रत्याशी शामिल रहे।
प्रचार अभियान समाप्त होने के साथ ही अब प्रत्याशी मतदान की तैयारी में जुट गए हैं। दोनों टीमों के बीच कांटे का मुकाबला होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *