नीलांबर-पीतांबर की धरती पर पहुंची देवेंद्र नाथ महतो की भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा
रांची : जेपीएससी एवं जेएसएससी की नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित अनियमितता एवं धांधली के खिलाफ छात्रों द्वारा राज्यव्यापी भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा जारी है। यात्रा के 17वें दिन बुधवार को गढ़वा जिले में व्यापक जनसंपर्क एवं जनसंवाद कार्यक्रम चलाया गया।
यात्रा की शुरुआत बाबा धाम, बंशी नगर में राधा-कृष्ण के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद हनुमान चौक पहुंचकर महापुरुष डॉ. राममनोहर लोहिया को माल्यार्पण किया गया और उपस्थित लोगों को संबोधित किया गया।
इस दौरान यात्रा का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि गढ़वा की धरती वीर नीलांबर-पीतांबर जैसे महान क्रांतिकारियों की धरती है। यहां के वीरों और वीरांगनाओं ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ प्रत्यक्ष संघर्ष किया है। आज इसी धरती के युवा राज्य की नियुक्ति प्रक्रियाओं में व्याप्त अनियमितता एवं धांधली के खिलाफ आंदोलनरत हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए नियुक्ति प्रक्रियाओं की त्वरित एवं निष्पक्ष जांच करानी चाहिए तथा पारदर्शी और विश्वसनीय भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
इसके बाद दोपहर को गढ़ देवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। वहां से पैदल यात्रा करते हुए रंका मोड़ पहुंचा गया, जहां बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को माल्यार्पण किया गया। इसके पश्चात रंका मोड़ से भव्य रोड शो के माध्यम से टाउन हॉल मैदान पहुंचकर जनसभा आयोजित की गई। रोड शो एवं जनसभा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, युवाओं, छात्रों एवं अभिभावकों की उपस्थिति रही।
आज की यात्रा में कमलेश चौधरी, पंकज कुशवाहा, सुनील कुमार यादव, राजीव कुशवाहा, खुशबू कुमारी, अमित कुमार, प्रीति महतो सहित बड़ी संख्या में छात्र, युवा एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
बताते चलने की 11 सितंबर को राजधानी रांची पहुंचकर यात्रा का विधिवत समापन किया जाएगा।


