चैम्बर चुनाव: तुलसी पटेल टीम ने व्यापारियों से किया संवाद, समर्थन की अपील

रांची : झारखंड फेडरेशन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री चुनाव को लेकर टीम तुलसी पटेल ने मंगलवार को अपर बाजार के व्यापारियों के साथ संवाद किया। इस दौरान व्यापारियों की समस्याओं, उनके समाधान और राज्य सरकार के स्तर पर लंबित मुद्दों को लेकर चर्चा की गई। टीम ने व्यापारियों से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव नहीं, बल्कि व्यापारियों के लिए महापर्व है।
टीम की ओर से कहा गया कि अपर बाजार की प्रमुख समस्याओं का समाधान अगले दो से तीन महीने में कराने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, बाजार समिति पंडरा की समस्याओं के समाधान के लिए भी तीन महीने की समयसीमा तय करने की बात कही गई। टीम के सदस्यों ने बताया कि इन समस्याओं को लेकर कृषि मंत्री से मुलाकात कर उन्हें अवगत कराया गया है और मंत्री की ओर से समाधान का आश्वासन भी मिला है। टीम ने खुद को नए और पुराने सदस्यों के अनुभव का संगम बताया।
जेसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष आरके सरावगी ने कहा कि झारखंड बनने के बाद फेडरेशन का महत्व और बढ़ा है। यह पॉलिसी मेकिंग संस्था है, इसलिए इसके अध्यक्ष को तन-मन से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव में 65 प्रत्याशियों का मैदान में होना संस्था के प्रति व्यापारियों की बढ़ती रुचि का सकारात्मक संकेत है। टीम तुलसी पटेल में जोश के साथ अनुभव भी है।
पूर्व राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार ने कहा कि चैंबर के चुनाव के तरीके में बदलाव की जरूरत है। उन्होंने कहा कि चैंबर को केवल समस्याएं दूर करने के वादे तक सीमित नहीं रहना चाहिए। यह संस्था 66 वर्ष पुरानी है और इसे चुनाव की बजाय सम्मेलन और भारत मिलाप की भावना से आगे बढ़ाना चाहिए।
जेसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन जलान ने कहा कि व्यापार करने के तरीके में तेजी से बदलाव हो रहा है। ऐसे में व्यापारियों के हितों की रक्षा जरूरी है। उन्होंने कहा कि राज्य में चार लाख से अधिक व्यापारियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। व्यापारियों को अपनी ताकत समझनी होगी और विवेक से मतदान करना चाहिए। उन्होंने टीम तुलसी पटेल के पक्ष में मतदान की अपील की। कार्यक्रम का संचालन मनोज नरेडी ने किया। टीम में अमित शर्मा, आदित्य साह, अनिल अग्रवाल, अरुण भारतीय, ज्योति कुमारी, साहित्य पवन, कमलेश संचेती, कुलवंत सिंह, मनीष सर्राफ, मोनिका गोइंका, नवजोत अलंग, राहुल साबू, पूजा धाधा, रोहित अग्रवाल, राम बांगर, रोहित पोद्दार, विकास विजयवर्गीय, विनीता सिंघानिया और शैलेश अग्रवाल समेत 21 प्रत्याशी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *