शिक्षक दिवस पर SNEH समूह के संस्थानों में दिखी गुरु-शिष्य परंपरा की झलक
रांची: शिक्षक दिवस के अवसर पर SNEH समूह के अंतर्गत संचालित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में शुक्रवार को गुरु-शिष्य परंपरा और शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावपूर्ण झलक देखने को मिली। संतोष कॉलेज ऑफ टीचर्स ट्रेनिंग एंड एजुकेशन, संतोष इंटर कॉलेज, स्नेहकुल पब्लिक हाई स्कूल, संतोष कॉलेज ऑफ नर्सिंग तथा सेंटर फॉर बायोइन्फॉर्मेटिक्स पॉलिटेक्निक कॉलेज में शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में भाषण, कविता पाठ, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मनोरंजक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने कहा कि शिक्षक केवल किताबों का ज्ञान देने वाले नहीं होते, बल्कि वे जीवन में सही दिशा दिखाने वाले मार्गदर्शक भी हैं। शिक्षकों के ज्ञान, अनुभव और संस्कार से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का निर्माण होता है और उन्हें अपने भविष्य के लिए बेहतर निर्णय लेने की प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर SNEH समूह की निदेशिका डॉ. रश्मि ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र और समाज के भविष्य के निर्माता होते हैं। उनके समर्पण, ज्ञान और संस्कार से ही विद्यार्थियों का भविष्य उज्ज्वल बनता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और शिक्षकों का निरंतर प्रयास समाज को बेहतर दिशा देने में योगदान करता है।
वहीं संतोष बीएड कॉलेज की प्रिंसिपल सुप्रा ठाकुर और वाइस प्रिंसिपल ने भी उपस्थित छात्रों को संबोधित कर शिक्षा के महत्व के बारे में बताया।
समारोह में विभिन्न संस्थानों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों को शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच आत्मीयता और सम्मान का भाव देखने को मिला। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया। कार्यक्रम ने शिक्षा के साथ संस्कार और गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व का भी संदेश दिया।



