13 माह से कमीशन बकाया, 50 हजार रुपये मासिक मानदेय समेत सात सूत्री मांगों को लेकर पीडीएस डीलरों का धरना

रांची : ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन के आह्वान पर मंगलवार को पीडीएस डीलरों ने अपनी सात सूत्री लंबित मांगों को लेकर विधानसभा कुटे मैदान में धरना-प्रदर्शन किया। धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता रांची जिला अध्यक्ष सुरेश प्रसाद ने की। इसमें रांची जिले के सभी 53 वार्डों के जन वितरण प्रणाली दुकानदारों ने हिस्सा लिया।
धरना के बाद प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम सात सूत्री मांग पत्र सौंपा। डीलरों ने कहा कि पिछले 13 महीनों से एनएफएसए के तहत मिलने वाला कमीशन बकाया है। इसके अलावा कोरोना काल से जिला आपूर्ति कार्यालय में लंबित कमीशन का भी अब तक भुगतान नहीं किया गया है। डीलरों ने सरकार से दोनों बकाये का शीघ्र भुगतान करने की मांग की।
एसोसिएशन ने ई-पोस मशीनों में लगातार आ रही तकनीकी समस्याओं का स्थायी समाधान करने, स्टॉक एवं सेल रजिस्टर की अनिवार्यता समाप्त करने तथा जाति प्रमाण पत्र से संबंधित आदेश को वापस लेने की मांग भी रखी। इसके अलावा पीडीएस डीलरों को आर्थिक रूप से राहत देने के लिए 50 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय देने की मांग की गई।
डीलरों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर 30 सितंबर तक सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो फेडरेशन राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगा। संगठन के अनुसार एक सितंबर को प्रस्तावित आंदोलन में राज्यभर के करीब 25 हजार पीडीएस डीलर शामिल होंगे। डीलरों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर विधानसभा और मुख्यमंत्री आवास का घेराव भी किया जाएगा।
धरना कार्यक्रम में रांची ग्रामीण अध्यक्ष बिनोद कुमार महतो, महामंत्री संतोष कुमार, केशव कुमार, सूर्य प्रताप, मदनलाल चौधरी समेत बड़ी संख्या में पीडीएस डीलर मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *