एसआईआर-2026 में लापरवाही पर डीसी का सख्त प्रहार, 5 अधिकारियों को शोकॉज, 2 का वेतन रोकने का निर्देश

रांची (गणादेश) : विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर-2026 के शेष छह दिनों में कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने बुधवार को समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में सभी ईआरओ एवं एईआरओ के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विधानसभावार एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, संग्रहण, डिजिटाइजेशन, एएसडीडी सूची तथा कार्यवाही की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिन मतदान केंद्रों पर प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, वहां तत्काल गति बढ़ाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की निर्धारित समयसीमा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

धीमी प्रगति और अनुपस्थिति पर सख्त कार्रवाई, अधिकारियों को जारी होगा शोकॉज

समीक्षा के दौरान कार्य में असंतोषजनक प्रदर्शन पाए जाने पर एईआरओ-सह-अंचलाधिकारी रातू रवि कुमार, अंचलाधिकारी चान्हो, अंचलाधिकारी हेहल तथा एएमसी चंद्र दीप कुमार को शोकॉज जारी करने का निर्देश दिया गया। वहीं, बिना पूर्व सूचना के बैठक से अनुपस्थित रहने पर एईआरओ बुंडू एवं अंचलाधिकारी बड़गाईं के विरुद्ध शोकॉज जारी करने के साथ उनका वेतन रोकने का भी निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में लापरवाही एवं अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बीएलओ और सुपरवाइजरों पर भी रहेगी कड़ी नजर, मिशन मोड में पूरा होगा एसआईआर-2026

उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देश दिया कि अगले छह दिनों तक सभी बीएलओ सुपरवाइजरों को बीएलओ के साथ लगातार क्षेत्र में सक्रिय रखा जाए, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा हो सके। उन्होंने 50 प्रतिशत से कम डिजिटाइजेशन करने वाले बीएलओ को शोकॉज जारी करने तथा बीएलओ सुपरवाइजरों की शिकायतों के आधार पर आवश्यक होने पर निलंबन की कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। सभी अधिकारी एवं कर्मी मिशन मोड में कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करना सुनिश्चित करें। बैठक में रांची जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ, एईआरओ, जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *