प्रसूता की मौत पर राजनीति तेज, भाजपा ने सरकार पर पुलिस के दुरुपयोग का लगाया आरोप

रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने सोमवार को प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जामताड़ा में प्रसूता रीना देवी की मौत के मामले को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रसूता की मौत के खिलाफ आवाज उठाने वाले भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को डराने के लिए पुलिस का दुरुपयोग किया जा रहा है।
प्रतुल शाह देव ने आरोप लगाया कि जामताड़ा भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण सहित अन्य नेताओं के घर पुलिस भेजकर उनके परिजनों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया गया। उनका कहना था कि सरकार को प्रसूता की मौत की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय न्याय की मांग उठाने वालों को निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने जामताड़ा पुलिस पर मंत्री इरफान अंसारी के दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस को कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि अस्पताल में तोड़फोड़ के आरोप लगाए गए हैं तो सरकार संबंधित सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करे।
भाजपा प्रवक्ता ने यह भी कहा कि प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू द्वारा इस मामले में डीजीपी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन नहीं उठाया गया और संदेश का भी जवाब नहीं दिया गया, जिसे उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
प्रतुल शाह देव ने मांग की कि प्रसूता की मौत की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार चिकित्सकीय एवं प्रशासनिक अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए तथा भाजपा नेताओं के खिलाफ कथित राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई तत्काल रोकी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो भाजपा इस मुद्दे को लेकर सड़क पर आंदोलन करेगी। प्रेस वार्ता में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अजय राय और नीरज सिंह भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *