बेड़ो हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी विकास मुंडा गिरफ्तार; देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद
रांची: रांची पुलिस ने बेड़ो थाना क्षेत्र के चर्चित रविन्द्र मुंडा हत्याकांड का खुलासा करते हुए मामले के मुख्य आरोपी विकास मुंडा को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को बेड़ो थाना क्षेत्र के मधुपुर अखड़ा के पास 26 वर्षीय रविन्द्र मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में बेड़ो थाना कांड संख्या 76/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में बेड़ो के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार मुख्य आरोपी विकास मुंडा (26) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग करना चाहता था, लेकिन रविन्द्र मुंडा ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद विकास मुंडा ने रविन्द्र को गोली मार दी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी विकास महतो और विजय मुंडा को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। मामले के अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है।
गिरफ्तार आरोपी विकास मुंडा का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2017 में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट तथा वर्ष 2023 में हत्या का मामला बेड़ो थाना में दर्ज है।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक दीपक कुमार ने किया। अभियान में पुलिस निरीक्षक उत्तम कुमार उपाध्याय, थाना प्रभारी कफील अहमद सहित बेड़ो थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


