रथयात्रा महोत्सव में शामिल हुए राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम, खींचा भगवान जगन्नाथ का रथ
लातेहार: श्री जगन्नाथ रथयात्रा के पावन अवसर पर राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम गुरुवार को लातेहार स्थित महावीर मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ, भगवान बलराम और माता सुभद्रा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस दौरान सांसद बैद्यनाथ राम ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचकर रथयात्रा में भाग लिया। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा आस्था, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को रथयात्रा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए भगवान जगन्नाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और जय जगन्नाथ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर झामुमो नेता प्रभात कुमार, अंकित पाण्डेय, विशाल कुमार, दीपक कुमार, आनंद पासवान और रंजीत कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


